आगरा के सैंया-खेरागढ़ रोड पर सोमवार की रात कार और ऑटो की भिड़ंत में मृतक संख्या 6 हो गई है। गोवर्धन परिक्रमा देकर लौट रहे पति-बेटे की मौत के बाद महिला बृजेश देवी (43) की मंगलवार की सुबह मौत हो गई। 4 घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। उसकी तलाश की जा रही है। चालक के दो साथियों को हिरासत में लिया गया है।
नगला उदैया, खेरागढ़ निवासी फल विक्रेता जयप्रकाश (48) अपनी पत्नी ब्रजेश, 2 बेटों वरुण और सुमित के अलावा पड़ोसी दिलीप को लेकर गोवर्धन परिक्रमा करने गए थे। वहीं हादसे में मृत ब्रजमोहन (65) स्कूल संचालक थे। वह चचेरे भाई मनोज के साथ गुरु पूर्णिमा पर मुरैना के करहा आश्रम में अपने गुरु के दर्शन करने गए थे।
हादसे में जयप्रकाश, उनके बेटे वरुण, ब्रजमोहन, मनोज और ऑटो चालक भोला की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि जयप्रकाश का दूसरा बेटा सुमित व पड़ोसी दिलीप गंभीर रूप से घायल हैं। जयप्रकाश के परिवार में सुमित के अलावा बेटी सोनम (8) बची है। ननिहाल में होने के कारण वह नहीं जा सकी थी।
हादसे से नगला उदैया में हाहाकार मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ब्रजमोहन के दो बेटे हैं, जबकि मनोज की बेटी अनन्या (14) व बेटा देवांश (10) हैं। पुलिस ने मामले में कार चालक बंटी निवासी गढ़ी ताल, अयेला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 2 लोगों को हिरासत लिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घायल अनन्या, दिलीप और सुमित अस्पताल में भर्ती हैं।
तीन दिन पहले खरीदा था भोला ने ऑटो
अयेला, सैंया निवासी ऑटो चालक भोला उर्फ जितेंद्र (35) ने 3 दिन पहले ही पुराना ऑटो खरीदा था। खेती में घाटा होने के कारण ऑटो चलाना शुरू किया था। सोमवार की रात को हादसा हो गया। भोला के 3 बच्चे हैं। बड़ी बेटी शालू (8), सौम्या (5) और दो साल का बेटा देव है।
ये भी पढ़ें - UP: कमरे में घात लगाए बैठा था भयानक जीव, देखते ही कांप गए घरवाले; बचाव के लिए बुलाई टीम