देश सेवा का जुनून। बुलंद हौसले। कड़ाके की ठंड में नेकर और बनियान में कच्ची मिट्टी के ट्रैक पर कभी फर्राटा तो कभी लंबी कूद में पसीना बहाते युवा। सोमवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सेना भर्ती प्रक्रिया में आगरा और जालौन से आए युवाओं ने भाग लिया। 1400 में से 1100 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा दी। करीब 300 युवा गैरहाजिर रहे।
विज्ञापन
सदर बाजार स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12 जिलों की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 16 दिसंबर तक चलने वाली इस प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का शारीरिक कौशल परखा जा रहा है। सोमवार को आगरा व जालौन के अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण हुआ। मंगलवार को आगरा व झांसी के युवाओं का परीक्षण होगा। भर्ती के लिए 46,000 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। लिखित परीक्षा के बाद 13 हजार अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण के लिए चिह्नित हुए।
शारीरिक परीक्षण के बाद अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्र जांचे जाते हें। चिकित्सीय परीक्षण होता है। सेना भर्ती अधिकारी कर्नल रिश्मा सरीन का कहना है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।