आगरा। दयालबाग की 34 कॉलोनियों में गंगाजल की आपूर्ति करने की मांग को लेकर शुक्रवार को महिलाओं ने तपती दोपहरी में सिर पर मटके रखकर धाकरान चौराहे से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इसके बाद कलक्ट्रेट में मटके फोड़े और अधिकारियों से गंगाजल की मांग की।
शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे दयालबाग की महिलाएं धाकरान चौराहे पर एकत्रित हुईं। 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच उन्होंने सिर पर मटके रखकर कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इस दौरान गंगाजल की मांग को लेकर जल निगम, जलकल विभाग और नगर निगम के खिलाफ नारे लगाए गए।
कलक्ट्रेट जाकर उन्होंने डीएम कार्यालय के सामने मटके फोड़े। महिलाओं के प्रदर्शन पर अपर नगर मजिस्ट्र्रेट आए, लेकिन लोगों ने डीएम से मिलने की मांग की। इस पर डीएम ने दो लोगों को प्रतिनिधि के तौर पर वार्ता के लिए बुलाया। सौरभ चौधरी ने डीएम प्रभु एन सिंह से कहा कि तीन साल पहले गंगाजल की पाइपलाइन बिछाने के बाद भी दयालबाग की 34 कॉलोनियों को गंगाजल नहीं दिया जा रहा है। एक साल से हर दिन अधिकारियों के चक्कर काट रहे है लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है। डीएम ने नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे को फोन करके उनसे समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
प्रदर्शन में भूपेश कुशवाह, सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, सावित्री चाहर, कमल, कांति श्रीवास्तव, रेनू सिंघल, नर्मदा देवी, वीना त्यागी, राधा वर्मा, आशा शर्मा, विरमा देवी, गुड्डन बघेल, प्रेमवती त्यागी, हरी शंकर जैसवाल आदि मौजूद रहे।