फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: एसआईआर के बाद सूची में मिले 11 हजार से ज्यादा जुड़वां मतदाता

विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में भारी खामियां सामने आई हैं। जिले में कुल 11,354 डेमोग्राफिकली सिमिलर एंट्री (डीएसई) यानी एक ही नाम, उम्र और फोटो जैसी समान जानकारी वाले जुड़वां या दोहरे मतदाता के रूप में चिह्नित किए गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें सबसे ज्यादा मामले शहरी क्षेत्र उत्तर और छावनी में मिले हैं।
विज्ञापन


जिला निर्वाचन कार्यालय से मंगलवार को जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 3,504 संदिग्ध मतदाताओं के मामलों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की जांच अब भी लंबित है। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने के लिए पहले विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) कराई और अब जुड़वां मतदाताओं की खोज के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 हजार से अधिक मतदाता संदिग्ध मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्रों की मतदाता सूची में दोहरे मतदाताओं की भरमार है। शहरी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा गड़बड़ी, ग्रामीण सूची अपेक्षाकृत त्रुटिहीन हैं। आगरा उत्तर विधानसभा में सर्वाधिक 2250 डीएसई मिले हैं। इसके बाद आगरा छावनी में 2121 और आगरा दक्षिण में 1620 समान प्रविष्टियां मिली हैं। इसके विपरीत, ग्रामीण इलाकों की स्थिति बेहतर है। फतेहपुर सीकरी में जिले में सबसे कम 547 और बाह में मात्र 556 ऐसे मामले सामने आए हैं।
विज्ञापन


छावनी में सत्यापन की चाल सबसे सुस्त

उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि समान प्रविष्टियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए फॉर्म-ए जनरेट कर बीएलओ को सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है। शहरी बीएलओ का काम बेहद सुस्त है। जिले में कुल 3504 मामले लंबित हैं, जिनमें से अकेले आगरा कैंट में करीब 40 प्रतिशत मामलों की जांच लंबित है। आगरा दक्षिण में भी 969 मामले लंबित हैं। वहीं, बाह विधानसभा का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है, जहां कोई लंबित नहीं है। खेरागढ़ में मात्र 6 और फतेहपुर सीकरी में 9 मामले ही लंबित हैं।

एक भाग और दूसरे भाग का गणित

रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 5657 मतदाता ऐसे हैं जिनकी जानकारी एक ही पोलिंग बूथ या भाग में दो या अधिक बार दर्ज पाई गई है। वहीं, 5697 मामले ऐसे हैं जिनमें एक ही व्यक्ति का नाम विधानसभा के अलग-अलग भागों में दर्ज होने की आशंका है।

6.50 लाख से अधिक के नाम कटे

एसआईआर से पहले जिले में 36 लाख मतदाता थे। करीब 6.50 लाख से अधिक नाम कट गए। अब नौ विधानसभा क्षेत्रों में करीब 29.50 लाख मतदाता हैं। पहले चरण में 11 हजार जुड़वां मतदाताओं की जांच कराई जा रही है। दूसरे चरण में करीब 2.21 लाख अन्य संदिग्ध मतदाताओं का सत्यापन होगा।
विज्ञापन


जुड़वां मतदाताओं का रिपोर्ट कार्ड

| विधानसभा संख्या | विधानसभा का नाम | भाग के भीतर समान मतदाता | अन्य भाग में समान मतदाता | कुल समान मतदाता | बीएलओ के पास लंबित जांच |
| :- | :- | :- | :- | :- | :- |
| 86 | एत्मादपुर | 793 | 840 | 1633 | 192 |
| 87 | आगरा कैंट | 908 | 1213 | 2121 | 1414 |
| 88 | आगरा दक्षिण| 845 | 775 | 1620 | 969 |
| 89 | आगरा उत्तर| 1036 | 1214 | 2250 | 260 |
| 90 | आगरा ग्रामीण| 669 | 790 | 1459 | 471 |
| 91 | फतेहपुर सीकरी | 325 | 222 | 547 | 9 |
| 92 | खेरागढ़ | 358 | 228 | 586 | 6 |
| 93 | फतेहाबाद | 343 | 239 | 582 | 183 |
| 94 | बाह| 380 | 176 | 556 | 0 |
| कुल| 5657 | 5697| 11354 | 3504 |
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें