सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने अपनी बेटी की शादी हाथरस के एक सैनिक के साथ तय कर दी थी। सगाई की रस्म पूरी होने के बाद दहेजलोभियों ने अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने बेटी का रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ित ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला थाना में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी घनश्याम बघेल निवासी पुलिस लाइन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि बेटी का रिश्ता सेना में सेवारत हेमवीर निवासी मढ़ाका थाना सहपऊ जिला हाथरस के साथ तय हुआ था।
रिश्ता तय होने के बाद हेमवीर ने अंगूठी और सगाई की रस्म भी पूरी कर दी। इन रस्मों के दौरान तय हुई धनराशि में से काफी रकम दे दी गई। इसके बाद तय रकम से अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपए की मांग की जाने लगी और नहीं देने पर रिश्ता तोड़ने की बात कही जाने लगी।
इस बीच बिचौलिया के माध्यम से बात बनाने की कोशिशें की गईं, लेकिन लड़का और उसका पिता 10 लाख रुपये अतिरिक्त देने की जिद्द पर अड़ गए। इसके बाद एक शिकायती पत्र एसएसपी को दिया गया, यहां से महिला थाना प्रभारी कंचन कटियार को जांच दी गई।
कंचन कटियार ने बताया है कि मेरे द्वारा कई बार फोन पर संपर्क करके बात की गई, लेकिन लड़के का पिता जिद्द पर अड़ा हुआ है। बात नहीं बनने पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।