साइकिल चोर को पकड़ने के बाद कर दी पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। गांव चितायन में शनिवार की दोपहर साइकिल चोरी कर ले जा रहे एक चोर को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
थाना क्षेत्र के गांव चितायन निवासी धीरेंद्र कुमार शनिवार की दोपहर घर में थे। तभी एक चोर उनके घर में घुस गया और आंगन में खड़ी साइकिल को उठा कर ले जाने लगा। आहट होने के बाद जब बाहर आकर देख तो आंगन से साइकिल गायब थी। धीरेंद्र बाहर की ओर भागे और चोर को साइकिल ले जाता देखा शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। साइकिल चोरी कर भाग रहे चोर को लोगों ने पकड़ने के बाद जमकर पिटाई कर दी। पूछताछ करने पर चोर ने बताया कि वह मईखेड़ा थाना कुर्रा क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने चोर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस पकडे़ गए चोर से पूछताछ कर रही है। वहीं धीरेंद्र की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस कार्रवाई करेगी।