गर्भवती को पीटने के बाद घर से धक्के देकर निकाला
-आलीपुर खेड़ा की रहने वाली है पीड़िता, ससुरालीजन पर दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। आलीपुर खेड़ा की रहने वाली एक गर्भवती महिला को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन ने पीटने के बाद धक्के देकर घर से निकाल दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ससुरालीजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के आलीपुर खेड़ा निवासी कनक वर्मा ने बताया कि उनकी शादी कस्बा भोगांव के मोहल्ला सुनार वाली गली निवासी दीपक वर्मा के साथ 30 जनवरी 2024 को हुई है। शादी के एक माह तक तो सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद सास सावित्री देवी, पति दीपक वर्मा, जेठ रोहित वर्मा, जेठानी पूनम वर्मा ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया।
ससुरालीजन सराफा के काम के लिए पिता से 10 लाख रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगे। जब मना किया तो उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। एक बार जान से मारने की कोशिश की गई। पिता ने ससुरालीजन को दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी लालच कम नहीं हुआ। जब अपने गर्भवती होने की जानकारी दी तो गर्भपात कराने के लिए कहा गया। उसे पीटने के बाद घर से निकाल दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।