आगरा में घर खरीदने वालों के लिए नया साल नई खुशियां लेकर आएगा। सस्ते घर का उनका सपना पूरा हो सकता है। आवास विकास परिषद ने आवासीय संपत्तियों पर 10 प्रतिशत शुल्क घटा दिया है। वहीं प्रतिबंध हटने के बाद शहर में बड़े हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू होंगे। 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल के बड़ी आवासीय परियोजनाएं निवेश के नए रास्ते खोलेंगी। रियल एस्टेट के लिए नए साल में निवेश की संजीवनी मिलेगी। नीरी की गाइडलाइन नई उम्मीदें लेकर आई है। रियल एस्टेट के लिए कैसा रहा गुजरा हुआ साल और कैसा होगा आने वाला साल पेश है देश दीपक तिवारी की रिपोर्ट
वर्ष 2022 की उपलब्धियां
- आवास विकास परिषद ने आवासीय संपत्तियों पर 10 प्रतिशत शुल्क घटा दिया है।
- शहरी क्षेत्र में 33 हजार लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिल चुका है।
- 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल की 200 से अधिक प्रोजेक्ट वर्तमान में चल रहे हैं।
- 1600 से अधिक संपत्तियों का विकास प्राधिकरण ने निस्तारण शुरू कर दिया है।
- दुर्बल आय वर्ग की योजनाओं में जरूरतमंद लोगों को डूडा ने आवंटन शुरू किए हैं।
नए साल से उम्मीदें
मिलेगी पर्यावरण क्लीयरेंस
20 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल की आवासीय व निर्माण योजनाओं के लिए पर्यावरण क्लीयरेंस की राह आसान होगी। पर्यावरण मानकों को लेकर प्रक्रिया अब सरल हो गई है। जिससे रियल एस्टेट में उछाल आ सकता है।
बनाना होगा अपना प्लान
20 कम और 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल से अधिक के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के लिए बिल्डर को अपना कॉम्प्रहेंसिव इन्वायरॉनमेंट मैनेजमेंट प्लान (सीईएमपी) संबंधित विभाग में प्रस्तुत करना होगा। जिसके बाद निर्माण किया जा सकेगा।
पोर्टल से मिलेगी सुविधा
रियल एस्टेट योजनाओं को लेकर विकास प्राधिकरण एनओसी, नक्शा पास कराने की प्रक्रिय आसान हो जाएगी। पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निवेश व प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की सुविधा मिलेगी। निवेशकों का रियल एस्टेट में रुझान बढ़ेगा।
बड़े हॉस्पिटल भी खुल सकेंगे
पर्यावरण क्षति और प्रदूषण के कारण 100 से 200 बेड के हॉस्पिटल, सुपरस्पेशिलियटी सेंटर व अन्य मेडिकल कॉम्पलेक्स को प्रदूषण विभाग से एनओसी नहीं मिल रही थी। बड़े हॉस्पिटल के लिए एनओसी व पंजीकरण खुल जाएंगे।
नए होटलों में होगा निवेश
पर्यटन नगरी में नए बड़े ब्रांड और ग्रुप के पांच सितारा होटल खुल सकेंगे। इनसे निवेश बढ़ेगा। लोगों के लिए रोजगार के मौके उपलब्ध हो सकते हैं। शहर में 10 से अधिक पांच सितारा होटल हैं। जिनकी संख्या में इजाफा हो सकता है
निवेश का बेहतर मौका
आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि रियल एस्टेट में निवेश करने का बेहतर मौका है। सारथी पोर्टल पर बिल्डर्स, डेवलपर्स रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रोजेक्ट का नक्शा पास व एनओसी मिलना सरल हो गया है।
नहीं होगी काई दिक्कत
यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि 20 हजार वर्ग से कम या अधिक क्षेत्रफल की निर्माण योजनाओं में अब कोई दिक्कत नहीं आएगी। 2016 से स्थिति स्पष्ट नहीं थी। जो अब नीरी गाइडलाइन से स्पष्ट हो गई है।
बिल्डर्स को होगा फायदा
क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष भगत सिंह बघेल ने कहा कि नई गाइडलाइन से बिल्डर्स व डवलपर्स को फायदा होगा। हाउसिंग सेक्टर में लगातार मांग बढ़ रही है। भविष्य में अपार संभावनाएं हैं। टीटीजेड में बड़े स्तर पर अब रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पनप सकते हैं।