किशनी। तहसील की तीनों अदालतों में वकीलों का कार्य बहिष्कार जारी है। वकीलों के कार्य बहिष्कार से वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक महीने से चल रहे कार्य बहिष्कार के कारण वादकारी अदालतों से केवल तारीखें लेकर ही लौट रहे हैं। 19 जनवरी को संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने वकीलों को बस्ते तहसील के पीछे लगाने को कहा था।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाकांत दुबे का कहना है तत्कालीन एसडीएम की सलाह पर ही वकीलों ने निजी खर्चें से जमीन समतल कराकर बैठने की जगह बनाई है। एसडीएम रामसकल मौर्य का कहना है जहां वकीलों के बस्ते बने हैं वहां तहसील के नक्शे के अनुसार पार्क प्रस्तावित है।
पार्क बनाने के लिए वकीलों को दूसरे स्थान पर बस्ते बनाने होंगे। वकील दूसरी जगह बस्ते बनाने को तैयार नहीं हैं। इसी के विरोध में उनका कार्य बहिष्कार चल रहा है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार की अदालतों में जरूरी काम निपटाए जा रहे हैं।