आगरा कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएससी में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेष मौका है। बीए और बीएससी में सभी श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर प्रवेश होगा। बीकॉम में प्रवेश के लिए कॉलेज ने द्वितीय मेरिट सूची भी जारी कर दी है। इनकी 15 और 17 जुलाई को काउंसिलिंग होगी। अभी इनमें 20 फीसदी से अधिक सीटें रिक्त हैं।
प्राचार्य प्रो. चित्र कुमार गौतम ने बताया कि बीकॉम पाठ्यक्रम में द्वितीय मेरिट में सामान्य श्रेणी में 56.30 फीसदी, ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 56.20 फीसदी, ओबीसी श्रेणी में 44 फीसदी और अनुसूचित जाति श्रेणी में 38.80 फीसदी अंक तय किए हैं। इतने और इससे अधिक वाले अभ्यर्थी प्रवेश के लिए पात्र हैं। बीए और बीएससी में पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर प्रवेश कर रहे हैं। इसमें आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं।
सीट की उपलब्धता के आधार पर इनका प्रवेश तय होगा। बीकॉम में 360, बीए में 1260 और बीएससी में 1220 सीटें (गणित में 700, जीव विज्ञान में 500 सीटें) हैं। इनमें से करीब 20 फीसदी सीटें अभी रिक्त हैं। बीकॉम की काउंसिलिंग बीकॉम विभाग में 15 जुलाई को होगी। बीए की काउंसिलिंग 15 जुलाई और बीएससी की काउंसिलिंग 17 जुलाई को गंगाधर शास्त्री भवन में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक होगी। काउंसिलिंग के लिए हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की अंकतालिका, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के दो रंगीन फोटो, 425 रुपये की ऑनलाइन रसीद साथ लाना जरूरी है।
30 फीसदी सीट बढ़ेंगी, दो दिन में मिल सकती है मंजूरी
प्राचार्य ने बताया कि स्नातक में 30 फीसदी सीटें बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को पत्र भेज चुके हैं। कुलपति ने भी इस पर सकारात्मक रुख अपनाया है। संभावना है कि दो दिन में सीट बढ़ाेतरी की अनुमति मिल जाएगी। ऐसा होने पर इन सीटों को भरने के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ा दी जाएगी।