एडीए ने अवैध निर्माणों को किया सील
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में गुरुवार को भी एडीए की प्रवर्तन टीम ने ताबड़तोड़ अंदाज में दिनभर अवैध निर्माणों पर सील लगाई। गुरुवार को मुगल रोड पर अवैध कॉलोनी समेत तीन निर्माणों को सील कर दिया गया। एडीए के सहायक अभियंता अनुराग चौधरी ने बताया कि गुरुवार को दयालबाग, मुगल रोड कमला नगर, छिलीईंट रोड पर अवैध निर्माण सील किए गए।
प्राधिकरण ने इन्हें नोटिस जारी किए थे लेकिन निर्माण कराने वालों न तो मानचित्र स्वीकृत कराया और न ही काम बंद किया था। मुगल रोड पर गिरीश चंद अग्रवाल 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला भवनों का निर्माण कर रहे थे। इस कॉलोनी का नक्शा पास नहीं कराया गया है।
एडीए ने काम बंद करने और नक्शा पास कराने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन गिरीश चंद अग्रवाल ने काम बंद नहीं किया। गुरुवार को टीम ने यहां सील लगा दी। प्रवर्तन दल ने इसके बाद दयालबाग की श्रीनगर कॉलोनी में मुकेश यादव द्वारा 150 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण को सील कर दिया।
छिली ईंट घटिया पर आलोक अग्रवाल ने करीब 50 वर्गमीटर एरिया में बेसमेंट खोदकर व्यावसायिक निर्माण किया था और मानचित्र भी स्वीकृत नहीं कराया था। टीम ने शाम को इस अवैध निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता संतोष यादव, अवधराज शर्मा, मनोज मिश्रा और राजीव गोविल मौजूद रहे।