अवैध निर्माणों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शहर में अवैध और मानचित्र के विपरीत तन रहे कंक्रीट के ढांचों पर आवास एवं विकास परिषद ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। सिकंदरा योजना में कब्जाधारकों व अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की गई। अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में कई संपत्तियों को सील और कुछ को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन दल के अधिकारी कर्नल जीएम खान ने बताया कि सबसे बड़ी कार्रवाई सेक्टर-4 में हुई। यहां संपत्ति संख्या 721/1 में पूर्व में सील की गई हिटाची कैश मैनेजमेंट कंपनी की सील को नियमों के विरुद्ध तोड़कर अवैध रूप से काम संचालित किया जा रहा था। इतना ही नहीं, इसी परिसर में एक कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी भी चल रही थी। टीम ने यहां आंशिक ध्वस्तीकरण की। भूस्वामी को अल्टीमेटम दिया कि दो दिन के भीतर पूरा अवैध हिस्सा खुद हटा लें, वरना प्रशासन दोबारा बुलडोजर चलाएगा।