भोगांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जवाहर नवोदय विद्यालय में संदिग्ध परिस्थिति में हुई छात्रा के मौत के मामले में प्रधानाचार्य सुषमा सागन को निलंबित कर दिया गया है। वहीं गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हुई।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 की कक्षा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। छात्रा का शव बीते सोमवार की सुबह हॉस्टल के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में छात्रा के पिता ने प्रधानाचार्य सुषमा सागर, वार्डन और दो छात्रों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके साथ ही दुष्कर्म की कोशिश और पॉक्सो एक्ट की धाराओं को भी एफआईआर में शामिल किया गया है। छात्रा की मौत से जिलेभर में आक्रोश है। लोग कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार कैंडल मार्च निकाल रहे हैं।
लगातार बढ़ रहे दबाव के बाद नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य सुषमा सागर को निलंबित कर दिया गया है। प्रभारी प्रधानाचार्य एसके शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य के निलंबन के संबंध में नोएडा कार्यालय से निलंबन का पत्र प्राप्त हुआ है। इसकी सूचना जिलाधिकारी को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी वार्डन पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं गुरुवार से नवोदय विद्यालय में कक्षा छह से लेकर 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। एफआईआर में आरोपी बनाए गए छात्रों ने भी पुलिस की निगरानी में परीक्षा दी। वहीं आरोपी छात्रों के परिजन भी विद्यालय में मौजूद रहे।