कासगंज। दुष्कर्म पीड़िता की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा न होने से स्वास्थ्य विभाग की उलझन बढ़ गई है। अब इस मामले की जांच एसीएमओ को सौंपी गई है। वह दो दिन महिला चिकित्सालय मेें तैनात स्टाफ से पूछताछ करेंगे।
दुष्कर्म पीड़िता की तीन दिन पहले जिला महिला चिकित्सालय में प्रसव के चार घंटे बाद अचानक मौत हो गई थी। किशोरी की मौत पर परिजनों से स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। जिसके बाद सीएमओ ने स्टाफ से मामले की जानकारी की। विभाग को उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आ जाएगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मामले की सच्चाई जानने के लिए एसीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार को जांच सौंपी गई है। एसीएमओ किशोरी के भर्ती होने, प्रसव होने एवं मौत के समय मौजूद स्टाफ से जानकारी कर तीन दिन में रिपोर्ट सीएमओ को सौंप देंगे। यदि जांच में जिला महिला चिकित्सालय पर तैनात स्टाफ की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों द्वारा लापरवाही करने के आरोप को देखते हुए मामले की जांच कराई जा रही है। एसीएमओ जब रिपोर्ट सौंपेंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।