आगरा के किरावली में रविवार को युवक को गोली मारने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से डबल बैरल बंदूक भी बरामद हो गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। उधर, गोली से घायल युवक की हालत गंभीर बनी है। जयपुर में इलाज कराया जा रहा है।
कस्बे के बसंत विहार निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ ज्ञानू पर आरोप है कि उसने रविवार की रात बंदूक से पड़ोसी मोनू पालीवाल को गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस की दो टीमें रविवार की रात से ही आरोपी की तलाश में लगी थीं। एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह रविवार रात को करीब 9 बजे बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दाैरान अचानक चली गोली पास में बैठे मोनू पालीवाल के हाथ में लग गई। इसके बाद से वह भाग गया था।
पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त बंदूक भी कब्जे में ले ली है। घायल मोनू पालीवाल के परिजन राहुल ने बताया कि मोनू के फेफड़े में छर्रा फंसा हुआ है, जिसका जयपुर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया जाएगा। इसके बाद उनके हाथ की सर्जरी भी की जाएगी।