पुत्री को तेजाब पिलाकर हत्या करने का आरोप
- आगरा में इलाज के दौरान हुई मौत, गोला बाजार की रहने वाली थी विवाहिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के गोला बाजार निवासी एक विवाहिता ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग रविवार की दोपहर शव लेकर कोतवाली पहुंचे। पति व ससुरालीजन पर तेजाब पिलाकर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार निवासी खुशबू (21) को 10 जुलाई को गंभीर हालत में परिजन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां स्वास्थ्य लाभ न मिलने के बाद परिजन आगरा के एक अस्पताल में इलाज कर रहे थे। रविवार को मायके पक्ष के लोगों को जब सूचना मिली तो वह लोग आगरा पहुंचे। लेकिन तब तक खुशबू की मौत हो चुकी थी और ससुरालीजन वहां से भाग गए थे। मायके पक्ष के लोग शव को लेकर दोपहर को सदर कोतवाली पहुंचे। मृतका की मां जनपद एटा के गांव सोहार निवासी नीरज ने आरोप लगाया कि एक वर्ष पूर्व पुत्री खुशबू की शादी ऋषभ पाल निवासी गोला बाजार के साथ की थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन पुत्री को प्रताड़ित कर रहे थे। पति व अन्य ससुरालीजन ने पुत्री को तेजाब पिला कर मार डाला है। शव का पोस्टमार्टम कराने और आरोपी ससुरालीजन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।