मैनपुरी। विकास खंड बरनाहल के गांव केशोपुर के ग्रामीणों ने बुधवार को जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए अपात्रों के अंत्योदय राशन कार्ड बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने जांच कर कार्रवाई कीए जाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि उनके गांव की राशन की दुकान संजीव कुमार गुप्ता संचालित कर रहे हैं। आरोप है कि राशन डीलर ने अधिकारियों से साठ-गांठ कर अपात्रों के अंत्योदय राशन कार्ड बनवा दिए हैं। नया राशन कार्ड बनवाने पर तीन माह तक कार्डधारक को राशन नहीं दिया जाता है।
ग्रामीणों ने अन्य ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा से कम राशन देने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उप जिलाधिकारी करहल के साथ-साथ जिला पूर्ति अधिकारी से भी मामले की शिकायत की थी, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान रामबाबू, विकास, देवेंद्र, सुनील कुमार, दीवान सिंह, रामप्रकाश, विपिन कुमार, रविमोहन, अंजनेश, दारा सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं राशन डीलर ने आरोपों को निराधार बताया। समय से सभी को राशन दिया जा रहा है।