आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति समेत छह आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा देने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव आसे का पुरा निवासी सोमवीर ने बताया कि उनकी बहन माला की शादी 22 नवंबर 2025 को थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी सत्यवीर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर माला को प्रताड़ित कर रहे थे। 15 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े आठ बजे पति सत्यवीर, जेठ परशुराम, वृंदावन, रामगोपाल, जेठानी आरती और निरमा ने मिलकर माला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मायके पक्ष के लोग शव को अपने साथ ले गए।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।