पैक्सफेड चेयरमैन के पुत्र पर हमले का आरोपी गिरफ्तार
चार हमलावरों ने लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद कार में की थी तोड़फोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। कस्बा कुसमरा स्थित आवास से शहर आते समय पैक्सफेड चेयरमैन के पुत्र पर जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चार हमलावरों ने लूट की वारदात अंजाम देने के साथ ही कार में भी तोड़फोड़ की थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
थाना क्षेत्र के गांव नगला भूपति निवासी पैक्सफेड चेयरमैन प्रेम सिंह शाक्य के पुत्र अनुपम शाक्य रविवार की रात शहर स्थित आवास पर आ रहे थे। तभी मैनपुरी कुसमरा मार्ग पर गांव नारायणपुर के पास बोलेरो सवारों ने उनकी स्कार्पियो को रोकने की कोशिश की थी। पीछा कर घेर कर अनुपम को पीटने के साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। वहीं 8500 रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट कर भाग गए थे।
उक्त मामले में पुलिस ने रोहित यादव, राहुल यादव निवासी नगला अहिर कुसमरा, बल्लू निवासी फर्रुखाबाद और बोलेरो चला रहे हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि सोमवार की रात नगला जसी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को जेल भेजा है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वारदात में प्रयुक्त बोलेरो भी बरामद कर ली गई है।