दन्नाहार। गांव रठेरा में पत्नी की चारपाई की पाटी मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी ममता देवी (44) सोमवार शाम घर पर कामकाज कर रहीं थीं। इसी दौरान शराब के नशे में धुत पति सुखवीर यादव ने चारपाई की पाटी से सिर में कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर के मुख्य दरवाजे में अंदर से कुंडी लगाकर छत के रास्ते भाग गया था। घटना के बाद ममता की बहन नीलम ने बहनोई के खिलाफ अवैध संबंधों के शक में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
इस बीच मंगलवार देर रात प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेई को सूचना मिली कि टिंडौली रेलवे फाटक के पास ममता का हत्यारोपी मौजूद है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने बिना समय गवाएं टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ की तो उसने हत्या करने का जुर्म कबूल किया। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया।