हरीपर्वत स्थित अस्थायी जेल से भागे चोरी के आरोपी संक्रमित रवि सिकरवार को भिंड में चाकू रखने के आरोप में पकड़ा गया है। जिस भिंड थाने से उसे जेल भेज दिया, उसमें रवि के गांव का एक सिपाही तैनात है। गिरफ्तारी पर सवाल उठ रहे हैं। हरीपर्वत थाना पुलिस अब उसे बी वारंट पर रिमांड पर लेकर आएगी। गिरफ्तारी की जांच कराई जाएगी।
रवि सिकरवार फिलहाल खंदौली के गांव नंदलाल पुर में रहता है। लेकिन मूल रूप से अछनेरा का है। यहीं का एक सिपाही भिंड थाना में तैनात है। रवि को चोरी के आरोप में जेल भेजा गया था। हरीपर्वत थाना के सामने क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में अस्थायी जेल से वह 10 अगस्त को शौचालय के पास की दीवार फांदकर फरार हो गया था।
वह कोरोना संक्रमित था। इस कारण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी थी। 14 अगस्त को पुलिस ने उसके घर दबिश दी थी। तब उसकी बहन विमलेश ने भगा दिया था। पुलिस ने विमलेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य रिश्तेदारियों में दबिश दी जा रही थी।