घिरोर। गांव गढ़िया फैजपुर के पास रविवार की सुबह पिकअप की टक्कर से एक स्कूटी सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक जनपद फिरोजाबाद का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जनपद फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव धातरी जरेला निवासी 23 वर्षीय अंकित वर्मा कुरावली मामा के घर गया था। रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से वापस घर लौट रहा था।
स्कूटी जब थाना क्षेत्र में कुरावली घिरोर मार्ग पर गांव गढ़िया फैजपुर के पास पहुंची। तभी सामने से आ रही पिकअप ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में अंकित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।