मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम बाइक सवारों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई। वहीं भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव कल्होर पुवां निवासी आरेंद्र कुमार शुक्रवार को बहन प्रीती के साथ बाजार गया था। शाम करीब सात बजे भाई और बहन घर वापस लौट रहे थे। बाइक जब गांव के पास पहुंची, तभी शहर की ओर से आ रही बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बीस वर्षीय प्रीती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं आरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।