मथुरा। हुलवाना ड्रेन में गिरी कार।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। गांव बठैन खुर्द के समीप हुलवाना ड्रेन में बुधवार की शाम सात बजे के लगभग एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे कार में सवार युवक-युवती की मौत हो गई। दोनों एक कार कंपनी के शोरूम में काम करते थे। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बठैन गेट पर एक शोरूम में हसनपुर, होडल निवासी दीपक गुप्ता (32) पुत्र राधेश्याम मैनेजर के पद पर कार्यरत था। बुधवार की शाम को शोरूम में काम करने वाली पार्वती उर्फ दीक्षा (25) पुत्री हुकमचंद निवासी बठैन गेट के साथ कार से किसी काम से कामर की ओर जा रहे थे, जैसे ही उनकी कार गांव बठैन खुर्द के समीप पहुंची तभी अनियंत्रित होकर हुलवाना ड्रेन के गहरे पानी में गिर गई। कार को ड्रेन में गिरी देख वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने कार में फंसे युवक-युवती को निकाला। सूचना मिलने के बाद सीओ जितेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार, एसआई रामअवतार फोर्स समेत वहां पहुंच गए। जहां से उन्हें एक नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं लग पा रहा है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है।