यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे में टकराए वाहन
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले के थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 135 पर गांव गढ़सौली के निकट गुरुवार की सुबह पांच बजे घने कोहरे में कई वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।
यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की तरफ जा रही मैक्स पिकअप में पीछे से आ रही वॉल्वो बस ने टक्कर मार दी। इससे अमरूद लदी मैक्स पिकअप पलटने से चालक रहीस पुत्र मयउद्दीन निवासी दशहरा मैदान थाना गंगापुर जिला सवाई माधोपुर राजस्थान की मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरे हादसे में दो बसें और टकरा गईं। जिससे 9 यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बसों को रोड से हटवाकर मार्ग को सुचारू करवाया।