अमांपुर। कस्बे के मोहल्ला राजीव नगर ददवारा में शुक्रवार को बकाएदारों से वसूली करने गई विद्युत निगम की टीम से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान हुए हंगामे का वीडियो वायरल हो गया। टीम ने पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।जेई रामजीत के नेतृत्व में टीम राजीव नगर ददवारा में शुक्रवार को कसाइयों वाली गली में चेकिंग करने गई। टीम ने बकाएदारों के रुपये जमा नहीं करने पर विद्युत कनेक्शन काटने शुरू कर दिए। आरोप है कि इस पर बकाएदार और मोहल्ले के लोगों ने एकत्रित होकर कर्मियों से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने के साथ ही धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने बिजली कर्मियों के हाथ में लगे सरकारी दस्तावेज भी फाड़ डाले। लाइनमैन को धक्का मारकर गिरा दिया। किसी तरह टीम ने भागकर अपनी जान बचाई। इस बीच मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जेई ने बताया कि अमांपुर कोतवाली में तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की मांग की हैं।
बिल जमा नहीं करने पर विद्युत कर्मियों ने पीटा : सोरों क्षेत्र के गांव नगला पल्टू में विद्युत बिल जमा नहीं करने पर विद्युत कर्मचारियों ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित लल्ला मियां का कहना है कि उनके घर में लगा विद्युत कनेक्शन उनकी पत्नी मदीना के नाम से है। स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह विद्युत बिल जमा नहीं कर सके। इस पर बुधवार को जेई व विद्युत कर्मचारी जितेंद्र, बबलू, साहब सिंह व चार-पांच साथियों के साथ घर पर आ गए। लल्ला मियां का आरोप है कि विद्युत टीम ने उनसे बिजली का बिल नहीं भरने को लेकर गाली-गलौज की। उन्होंने और उनकी पुत्र वधुओं ने विरोध किया तो कर्मचारियों ने मारपीट करते अभद्रता की। विद्युत कनेक्शन काट देने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की है।