सोरोंजी। चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया के अवसर पर धरणीधर भगवान वराह का मंदिर जयकारों से गूंज उठा। सुबह तीर्थनगरी पहुंचे श्रृद्धालुओं ने पवित्र हरि की पौड़ी में गंगा स्नान कर गंगा जी की परिक्रमा की। इसके बाद वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह का भव्य अभिषेक किया।
भगवान वराह का पंचामृत से अभिषेक कर मेवा मिष्ठान का भोग लगाया गया। मंदिर सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने वैदिक मंत्र उच्चारित करते हुए अभिषेक संपन्न कराया। भगवान को नूतन पोशाक पहनाकर अलंकार धारण कराए गए। महाआरती उतारकर प्रसाद बांटा गया। सायंकाल में क्षेत्राधीश भगवान वराह की महिमा का श्रद्धालुओं ने भजन गीत गाकर गुणगान किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान वराह के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।