स्टेशन रोड पर नाले के पास कूड़े के मिले में आधार कार्ड
राहगीरों ने डाक अधीक्षक से शिकायत की
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर में स्टेशन रोड पर तापड़िया मिल के पास नाले के किनारे कूड़े के ढेर में शुक्रवार की सुबह एक दर्जन से अधिक आधार कार्ड पड़े मिले। मौके पर लोग जमा हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना डाक विभाग में दी। डाक अधीक्षक ने जांच कराने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
शुक्रवार की सुबह एक रिक्शा चालक लघुशंका करने के लिए स्टेशन रोड पर तापड़िया मिल के पास नाले के किनारे गया। उसने नाला किनारे लगे कूड़े के ढेर में कुछ आधार कार्ड पड़े देखे। रिक्शा चालक ने आसपास के दुकानदारों सहित राहगीरों को बताया। मौके पर लोग जमा हो गए। लोगों ने जब कूड़े के ढेर से आधार कार्ड निकालकर देखे तो वह आधार कार्ड 2024 में ही जारी किए गए थे।
राहगीरोंं ने इसकी सूचना डाक विभाग में दे दी। लगभग आधा घंटे बाद डाक विभाग का एक कर्मचारी मौके पर पहुंचा। कूड़े के ढेर से आधार कार्ड को निकालकर वह उनको अपने साथ ले गया। डाक विभाग द्वारा भेजे जाने वाले आधार कार्ड आखिर कूड़े के ढेर में कैसे पहुंच गए। इस संबंध में वह कुछ नहीं बता सका। उसने आधार कार्ड कार्यालय में जमा करने की बात मौके पर मौजूद लोगों को बताई।
शहर में तापड़िया मिल के पास कुछ नए आधार कार्ड कूड़े के ढेर में मिलने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जिसकी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसा नहीं हो इसके लिए निर्देश दिए जाएंगे।
एके त्रिपाठी, डाक अधीक्षक