औंछा। थाना क्षेत्र में गांव विक्रमपुर के पास रविवार की सुबह घिरोर के गांव ओय निवासी एक युवक ने नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब ये नजारा देखा तो तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी है। समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं लग सका है।
थाना क्षेत्र में गांव विक्रमपुर के पास से कानपुर ब्रांच की नहर गुजर रही है। सुबह करीब आठ बजे करीब 40 वर्षीय युवक पुलिया पर बैठ गया। वह जेब से कागज निकाल कर कुछ लिखने लगा, इसके बाद उसने अपने कपड़े उतार कर पुलिया पर रख दिए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते युवक ने नहर में छलांग लगा दी। लोग दौड़कर पुलिया के पास पहुंचे तो देखा कि युवक डूब रहा था। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिया पर रखे कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें एक कागज मिला। जिस पर पत्नी व अन्य परिचितों के नंबर लिखे थे। पुलिस ने तुरंत ही नंबरों पर कॉल कर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बताया की नहर में कूदने वाला चंद्रवीर निवासी गांव ओय घिरोर है। वह नोएडा में रह कर नौकरी करता था, अचानक यहां कैसे पहुंचा, इसके बारे में जानकारी नहीं है। पुलिस ने गोताखोर की एक टीम को युवक की तलाश में लगाया है। समाचार लिखे जाने तक चंद्रवीर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।