खंदौली। क्षेत्र के ग्राम बास रिसाल में पैसों के विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से हमलाकर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने एक महिला समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव वास रिसाल निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अमन कुमार का गांव के ही अनीत से पैसों के लेनेदेन का विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर अमन घर से निकलकर कहीं जा रहा था, तभी रास्ते में अनीत उर्फ भीम ने रोककर पैसे मांगे। इसपर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अनीत ने अपने भाई नितिन, पिता रविंद्र और मां सुमन देवी को मौके पर बुला लिया। इन सभी ने अमन पर हमला कर दिया। आरोप है कि अनीत ने धारदार हथियार से वार करके उसे लहूलुहान कर दिया। घायल होकर गिर जाने पर लोग भाग निकले। चीखपुकार पर दौड़े परिजन ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित के भाई अंकित कुमार ने खंदौली थाने में अनीत उर्फ भीम, नितिन, रविंद्र और सुमन देवी के खिलाफ तहरीर दी। एसओ ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद