मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में भर्ती बुखार से पीड़ित महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डायरिया और बुखार से पीड़ित 17 अन्य मरीजों को भर्ती कराया गया। दो मरीज हालत बिगड़ने पर रेफर भी किए गए।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को ओपीडी में 944 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बिछवां के गांव हेमपुरा सहारा निवासी कलावती (60) को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन ने उन्हें बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डायरिया के साथ ही बुखार से पीड़ित 17 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें से दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।