कासगंज। पटियाली के ग्राम सलेमपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। पुुुुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रीना पुत्री भान सिंह निवासी किशनी उसैत बदायूं की शादी सात साल पहले ओमवीर पुत्र नेम सिंह निवासी सलेमपुर पटियाली के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी से अब तक उसके कोई बच्चा नहीं हुआ था। जिसके चलते वह काफी दुखी थी। गुरुवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी जब उसके मायके पक्ष के लोगों को हुई तो वे उसकी ससुराल पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के भाई धमेंद्र का आरोप है कि संतान न होने से ससुरालीजन आए दिन ताना देते थे। आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर दी। जब वे घर पर पहुंचे तो कोई भी ससुरालीजन नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।