उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पति की शराब पीने की लत से परेशान पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मृतका के कमरे से दो पन्नों का एक पत्र बरामद किया है, जिसमें महिला ने अपना दर्द बयां किया है। गांव सिरसेला, थाना एका, फिरोजाबाद निवासी पूर्व फौजी राजेंद्र सिंह ने इकलौती बेटी रुचि की शादी 12 दिसंबर 2013 को एटा के मिरहची निवासी प्रमोद यादव के बेटे देवेश से की थी।
शादी के समय देवेश पढ़ाई कर रहा था। उनका एक बेटा पांच साल का जय और ढाई साल की बेटी परी है। हाल में देवेश राधा कुंज, सिंकदरा में रह रहा था।
आरोप है कि शादी के बाद से रुचि का उत्पीड़न किया जाने लगा। ससुराली लग्जरी कार और पांच लाख रुपये के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे।
सोमवार को उसके घर पहुंचे तो रुचि मृत मिली। ससुरालीजन फरार हो गए थे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतका के भाई योगेश ने पति, सास, ससुर, ननद, नंदोई, जेठ और जिठानी के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा ने बताया कि दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पति को नशा मुक्ति केंद्र में कराया था भर्ती
भाई योगेश ने बताया कि रुचि का पति देवेश कुछ कमाता नहीं था। वह नशा करता था। घर खर्च नहीं देता था। इससे बहन परेशान थी। पति की इस आदत से परेशान होकर वह कई बार मायके आ गई।
देवेश को परिजनों ने कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। तीन से पांच महीने रहकर आता। एक महीने ठीक रहता। इसके बाद फिर से नशा करने लगता। अब उसे पांच-छह बार केंद्र में भर्ती करा चुके थे।
भाई बोला, रक्षाबंधन पर कौन बांधेेगी राखी
रुचि घर में इकलौती थी। उसका एक बड़ा भाई योगेश और शैलेंद्र हैैं। मां रूपा देवी हैं। योगेश का कहना था कि इकलौती होने की वजह से रुचि को सभी प्यार करते थे। अब रक्षाबंधन आने वाला था। उसके लिए गिफ्ट लेकर आ रहे थे। बहन ने दर्द बया नहीं किया।