किसी महिला के साथ लूट हो तो वो डर जाती है, लेकिन आगरा में एक महिला बाइकर्स गैंग पर झपट पड़ी। उसने एक बदमाश को पकड़ भी लिया, लेकिन वो उसके हाथ से निकलकर भाग गया।
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सुनारी चौराहे के पास दोपहर में बाइकर्स गैंग ने एक महिला से मोबाइल और पर्स छीन लिया। महिला ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। मगर, बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिराया और भाग निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
थाना एमएम गेट के मोती कटरा की पिंकी ने बताया कि वह इन दिनों लोहामंडी के गोकुलपुरा में किराये पर रह रह रही हैं। वह 24 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे गांव लखनपुर से दहतोरा जा रही थीं। जब सुनारी चौराहे से निकलीं तो पीछे से एक बाइक पर दो लड़के आए। उन्होंने अचानक बाइक रोकी और उनसे मोबाइल और पर्स छीन लिया।
पर्स में आधार कार्ड, पैनकार्ड, उनके बेटे का आधार कार्ड और दो हजार रुपये थे। उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया और शोर मचाने लगीं। कुछ देर तक वह हाथापाई करता रहा। लोगों को आता देख दोनों बदमाशों ने धक्का देर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद पर्स और मोबाइल लेकर भाग गए। एक बदमाश दूसरे को राहुल नाम से पुकार रहा था। सिकंदरा थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।