आगरा। दिवाली पर एक सप्ताह का विशेष सुरक्षा प्लान बनाया गया है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ा दी गई है। बाजारों में अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। ट्रैफिक संभालने के लिए यातायात पुलिस के साथ स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों को लगाया जा रहा है। ठेल विक्रेता सड़क से दूर ही बिक्री कर सकेंगे। अस्थायी पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए जा रहे हैं।
सोमवार से बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ेगी। धनतेरस के साथ दिवाली का त्योहार शुरू हो जाएगा। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि जिले में सेक्टर स्कीम लागू है। थाना पुलिस को दिशानिर्देश दे दिए हैं। प्रत्येक बाजार में थाने की फोर्स के साथ ही एसओजी के पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।
जिन बाजार में सोने-चांदी की अधिक दुकानें हैं, वहां पर पुलिस के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ा दी गई है। व्यापारी वर्ग के आने-जाने वाले रूट पर भी फोर्स लगाई गई है। दिवाली तक यही व्यवस्था रहेगी। किसी तरह की वारदात होने पर थानेदार को जिम्मेदार माना जाएगा।
एमजी रोड पर नहीं खड़े होंगे वाहन
डीसीपी यातायात अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि एमजी रोड पर सूरसदन से लेकर भगवान टाॅकीज तक कई शोरूम और रेस्तरां हैं। ग्राहक एमजी रोड पर ही वाहन खड़ा कर खरीदारी करने जाते हैं। इस बार एमजी रोड पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में वाहनों की पार्किंग से समस्या हो सकती है। इसको देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापारियों से वार्ता की है।
उनसे कहा गया है कि वह ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर न खड़ा कराएं। इसके लिए निर्धारित पार्किंग स्थल पर भेजें। नगरायुक्त से वार्ता कर पार्किंग स्थल के लिए बोला जा रहा है। वहीं स्कूल के परिसर में भी वाहनों को खड़ा कराने के लिए अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। पुराने बाजारों में भी दोपहिया के अलावा किसी वाहनों को प्रवेश से रोका जाएगा।
इसके लिए अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत कोतवाली, मंटोला, शाहगंज और जगदीशपुरा के बाजार में रहती है। इन स्थानों पर सड़क पर ठेल नहीं लगने दी जाएगी। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जा रहा है। डीसीपी यातायात अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मेट्रो की ओर से सूरसदन और सिकंदरा की तरफ कट बंद कर दिए गए हैं। इस संबंध में मेट्रो अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। कट को खुलवाने का प्रयास किया जाएगा।
-
बिना सूचना हाईवे पर बना नया कट बंद, लगा जाम
आगरा। हाईवे और एमजी रोड पर मेट्रो के निर्माण कार्य की वजह से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मेट्रो के अधिकारी बिना पूर्व सूचना के कट बंद कर रहे हैं। रविवार को सिकंदरा से पहले बनाया गया कट बंद होने से जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि इसका कारण सिकंदरा तिराहे पर जाम बताया गया।
हाईवे पर आईएसबीटी से सिकंदरा तक मेट्रो के निर्माण के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इस कारण एक ही लेन से वाहन निकल रहे हैं। रोजाना लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। उधर, मेट्रो ने भावना एस्टेट की तरफ जाने वाले लोगों के लिए सिकंदरा तिराहे से 100 मीटर पहले एक कट बनाया था।
इस कट से वाहन यूटर्न लेने के बाद भावना एस्टेट और गुरुद्वारा की तरफ जा सकते थे। मगर रविवार शाम को यह कट बंद कर दिया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सिकंदरा की तरफ से वाहनों के मुड़ने की वजह से दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। मगर कट बंद करने का कारण नहीं बताया गया। रात तकरीबन 10 बजे कट खोल दिया गया। इस पर आवागमन शुरू हो गया। वहीं एक कर्मचारी को भी तैनात किया गया है।
-
गुरुद्वारा गुरु का ताल से सिकंदरा तक मेट्रो के पहले काॅरिडोर का कार्य चल रहा है। गर्डर रखने के लिए समय समय पर कट को बंद किया जाएगा।
पंचानन मिश्रा, उप महाप्रबंधक, यूपीएमआरसी