आगरा। नेशनल हाईवे पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार दोपहर थाना सिकंदरा क्षेत्र के कैलाश मोड़ के सामने रेलिंग पार कर रही कक्षा आठ की छात्रा को पहले बाइक ने टक्कर मारी। वह गिरी तो तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। छात्रा की मौत हो गई। वाहन चालक भाग गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जैन गली, वाल्मीकि बस्ती, सिकंदरा निवासी विजय नारायण की 18 वर्षीय बेटी नैना कैलाश मोड़ स्थित एक विद्यालय की छात्रा थी। परिजन ने बताया कि वह बुधवार को ट्यूशन पढ़कर पैदल घर लौट रही थी। कैलाश मोड़ कट को बंद कर दिया गया है। वहां पर रेलिंग लगी है। नैना रेलिंग के बाद हाईवे पार कर रही थी।
उसी दौरान अचानक बाइक ने टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। जब तक राहगीर जुट पाते, कार और बाइक चालक भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। छात्रा को अस्पताल ले गई, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। पुलिस के समझाने पर मान गए। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हादसा करने वाले वाहनों के बारे में जानकारी की जा रही है।
- सुरक्षा के इंतजाम नहीं आ रहे काम
हाईवे पर लगातार लोगों की जान जा रही है। घायलों की संख्या भी अधिक है। आगरा को शून्य मृत्यु वाला जिला घोषित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्रिटिकल कॉरिडोर टीमें सर्वे कर रही हैं। इसके बावजूद हादसों पर कोई रोक नहीं है। सिकंदरा में पहले आईपीएस की रिश्तेदार महिला की सिकंदरा थाने के सामने रेलिंग पार करते समय जान गई थी। इसके बाद बस से आ रहे अधिकारी को हाईवे पार करते समय वाहन ने रौंद दिया था। इसके अलावा आईएसबीटी पर दो मेडिकल छात्रों की बाइक डिवाइडर से टकराने के कारण जान चली गई थी।