आगरा। गृहकर के बकायेदारों से वसूली और 125 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम ने प्लान तैयार किया है। इसके तहत सभी कर अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक लाख से अधिक बकाया वाले 50 बकायेदारों की संपत्तियों को सीज करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही नगर आयुक्त के निर्देश पर चारों जोन में बोर्ड लगाकर बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
प्रभारी कर एवं सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि 125 करोड़ रुपये के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी जोन के अधिकारियों के अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। ताजगंज जोन को 25.92 करोड़, छत्ता जोन को 26.46 करोड़, हरीपर्वत जोन को 34.21 करोड़ और लोहामंडी को 11.25 करोड़ की वसूली का लक्ष्य दिया गया है। बताया कि वसूली और कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।