खेरागढ़। सैंया रोड स्थित बाबूलाल कॉलोनी में शनिवार रात करीब 8 बजे बिजली की शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन दल पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
विज्ञापन
पीड़ित श्याम सिंह की मकान में ही प्रिंटर, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के रिपेयरिंग की दुकान है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर पर थे। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। धुआं निकलता देख परिजन को जानकारी हुई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। श्याम सिंह के भाई संजय तोमर ने बताया कि आग में एसी, फ्रिज, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। दिवाली से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां फीकी कर दीं।