आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय 1 जुलाई 2026 को 100वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक वर्ष तक चलने वाले भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
कुलपति ने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान उन सभी शिक्षकों, छात्रों और अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले 100 वर्षों में विश्वविद्यालय को इस मुकाम तक पहुंचाने में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस विशेष वर्ष के लिए एक विशिष्ट लोगो तैयार किया जाएगा, जिसके लिए एक प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें विश्वविद्यालय के सभी संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
शताब्दी वर्ष में विवि का इतिहास बताती प्रदर्शनी, कॉफी टेबल बुक समेत विभिन्न आयोजन करने की तैयारी है। वर्ष 2026 में विश्वविद्यालय का लक्ष्य ''''वर्ल्ड'''' और ''''एशिया रैंकिंग'''' में स्थान सुनिश्चित करना है। विश्वविद्यालय छात्रों को आईआईटी के स्तर की शोध सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। एक आधुनिक लैब तैयार की जा रही है।
परिसर की स्वच्छता के लिए कुलपति ने एक विशेष छात्र संगठन क्लीनलीनेस एंबेसडर टीम (कैट) के गठन की घोषणा की। यह टीम विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में सफाई अभियान चलाएगी और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी। इस मौके डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा, कुलसचिव अजय मिश्रा, प्रो. संजय चौधरी, उप कुलसचिव कैलाश बिंद, डॉ. रत्ना पांडे और पुरुषोत्तम मयूरा मौजूद रहे।