आगरा। ताजनगरी में क्यू स्पोर्ट्स के बड़े मुकाबलों के साथ खिलाड़ियों के सामने इस बार करीब ढाई लाख रुपये की उच्चतम इनामी राशि भी दांव पर होगी। आगरा बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन की ओर से होने वाली राजा राम कुमार भार्गव मेमोरियल यूपीबीएसए-26 स्टेट स्नूकर, बिलियर्ड्स चैंपियनशिप में प्रदेश के नामी खिलाड़ियों के साथ उभरती प्रतिभाएं भी क्यू का कमाल दिखाएंगी।
21 सितंबर से 5 अक्तूबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप में सीनियर स्नूकर, 6 रेड, बिलियर्ड्स और जूनियर स्नूकर के मुकाबले होंगे। पुरुष और महिला खिलाड़ियों के साथ उभरती हुई प्रतिभाओं को इसमें अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 2.40 लाख रुपये की उच्चतम पुरस्कार राशि है। मुकाबलों के लिए तीन टेबल सेटअप तैयार किया जाएगा। उप्र बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एससोसिएशन के सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर है। खिलाड़ी पोस्टर में दिए क्यूआर कोड के जरिए प्रवेश ले सकते हैं।
यूपीबीएसए टीवी पर लाइव दिखेगा रोमांच
क्यू स्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए प्रतियोगिता के मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूपीबीएसए टीवी पर दिखाया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ ताज नगरी में स्नूकर और बिलियर्ड्स को बढ़ावा देना है।