संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के संभाजन का कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। आपत्तियों एवं सुझावों पर मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 10 नवंबर को करके मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में यदि कोई आपत्ति हो तो नौ नवंबर तक लिखित में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध करा दें। जन-प्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद शिकायतों, सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को 18 नवंबर को अंतिम रूप देकर 19, 20 एवं 21 नवंबर को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी में 255 मतदान केंद्र, 395 मतदेय स्थल, भोगांव में 331 मतदान केंद्र, 419 मतदेय स्थल, किशनी में 331 मतदान केंद्र तथा 400 मतदेय स्थल एवं करहल में 350 मतदान केंद्र, 447 मतदेय स्थल हैं।
अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार, विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया, एमएलसी मुकुल यादव, जिलाध्यक्ष कांग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, मुंशीलाल शाक्य, नवीन शर्मा, भारतीय जनता पार्टी से प्रदीप चौहान राज, जिलाध्यक्ष सपा आलोक शाक्य, देवेंद्र सिंह, राम नारायन बाथम, नदीम इलाही, बहुजन समाज पार्टी से डाॅ अवनीश शाक्य, मुकेश गौतम, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी संतोष कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।