पिनाहट। कस्बा पिनाहट के चंबल घाट स्थित सिद्ध बाबा नारिया के समीप बुधवार दोपहर जंगल में भीषण आग लग गई। पिनाहट में सिद्ध बाबा नारिया के पास चंबल के बीहड़ी क्षेत्र में अचानक उठी लपटों और धुएं के गुबार से अफरा-तफरी मच गई। करीब एक हेक्टेयर जंगल में घास-फूस और हरियाली जलकर खाक हो गई। वन्य जीवों ने भागकर जान बचाई।
बीहड़ में आग फैलते ही वहां मौजूद जंगली जीवों में अफरा-तफरी मच गई। आग की तपिश और धुएं के कारण खरगोश, सियार और अन्य छोटे वन्य जीव अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते हुए देखे गए। आग की लपटें देख स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन कर्मी योगेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की पहुंच से दूर बीहड़ के दुर्गम रास्तों पर वन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके अपनाते हुए झाड़ियों और डंडों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वन कर्मी योगेश कुमार ने बताया कि आग ने करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र को प्रभावित किया है। समय रहते नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। आग को आगे फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इंसेट
नागर में किसान की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल राखफोटो
अछनेरा। गांव नागर निवासी किसान रोहताश पुत्र रमेश कुमार ने बताया कि मंगलवार 31 मार्च की शाम को पूरे परिवार की मदद से डेढ़ बीघा खेत का गेहूं काटकर उसका लांक खेत में एकत्रित किया था। देर रात किसी ने उसमें आग लगा दी, जिससे पूरी फसल जलकर राख हो गई। बुधवार को भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर मौके पर पहुंचे। पीड़ित किसान रोहताश और उसकी बहन वीरमती ने बताया अब परिवार के सामने खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने उप जिलाधिकारी किरावली को फोन कर कहा शीघ्र क्षति का आंकलन कराकर पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाए। इस दौरान भाजपा नेता गुड्डू नरवार, केशवदेव शर्मा, सोनू नरवार, वीरमती देवी, राजेश देवी मौजूद रहे।
गांव नागर में गेहूं की फ़सल जली