चंबल मार्ग पर जंगल किनारे खंदक में पड़े कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग,फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
- फोटो : Archive
पिनाहट। कस्बा के चंबल मार्ग स्थित जंगल किनारे खंदक में पड़े कूड़े के ढेर में शनिवार सुबह अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और दूर तक उठता घना धुआं देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग धीरे-धीरे फैलने लगी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वहीं धुएं के कारण आसपास रह रहे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड और नगर पंचायत को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। वहीं नगर पंचायत कर्मचारी भी पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।