पिनाहट। थाना क्षेत्र में गांव क्योरी की एक विवाहिता ने दहेज के लिए ससुरालवालों पर दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडे और बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया है। वह मिन्नतें करती रही, लेकिन नहीं मानें। पीटने के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने थाने में शिकायत की। पर, थाने पर महिला कांस्टेबल नहीं होने पर मेडिकल नहीं हो सका है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गांव क्योरी निवासी काजल पत्नी सूरज ने पुलिस को बताया कि चार माह पूर्व उसकी शादी सूरज के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद पति और ससुरालवाले दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे। विरोध करने पर लाठी डंडे, बेल्ट से पिटाई की जाती। मायके में जानकारी दी तो सोमवार को भाई और चाचा ससुराल उसे लेने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि तभी ससुरालजनों ने गाली गलौज करते हुए उनसे मारपीट की। उसने बीचबचाव की कोशिश की तो उसे भी दौड़ा-दौड़ाकर लाठी डंडों और बेल्ट से पीटा। ससुरालीजनों की पिटाई से पीड़िता के शरीर पर निशान पड़ गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।