बरहन। बरहन क्षेत्र के आगरा-जलेसर सड़क पर नगला ताल के पास मंगलवार को एक बरगद के पेड़ की विशाल टहनी अचानक सड़क पर गिर गई। घटना के समय सड़क से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
टहनी सड़क के बीचों-बीच गिरने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर क्षेत्रीय एसआई रोशन राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सड़क पर गिरी विशाल टहनी को हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरगद का पेड़ काफी पुराना है और उसकी बड़ी शाखा अचानक टूटकर गिरने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।