मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव धरैंदा में बरसात का पानी निकालने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोग हमलावर हो गए। इस दौरान एक युवती को कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को सरिया और डंडों से पीटा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव धरैंदा निवासी विकास कुमार ने बताया कि 20 जून को बारिश हो रही थी और उनकी छत का पानी गली में गिर रहा था। तभी गांव के विवेक ने पानी का रास्ता बंद कर दिया। कारण पूछने पर विवेक आग बबूला हो गया और अपने साथियों नरेश, प्रशांत, निर्मला व अंचल के साथ मिलकर गाली-गलौज करने लगा। झगड़ा बढ़ता देख विकास की बहन सरिता और अन्य परिजन बीच-बचाव के लिए आए। आरोप है कि विवेक ने सरिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, भाई अतुल, शैलेंद्र और विकास को सरिया और डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने विकास की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।