मैनपुरी। जिला अस्पताल में रविवार को ओपीडी का अवकाश होने के बाद भी इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में डायरिया और पेटदर्द से पीड़ित 16 मरीज भर्ती कराए गए। अस्पताल पहुंची भोगांव निवासी चार माह की एक बच्ची की डायरिया से मौत हो गई।
रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 37 मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें 16 मरीज पेटदर्द और डायरिया से पीड़ित थे। भोगांव निवासी श्रीपाल की चार माह की पुत्री आयत को पिछले कुछ दिनों से डायरिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को जिला अस्पताल से तीन मरीजों को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई रेफर किये गए हैं।
जिले में डायरिया से पीड़ित होने पर पिछले एक सप्ताह में तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य ने बताया कि होली के त्योहार के बाद असंतुलित खान-पान के कारण पेटदर्द और डायरिया के मरीज बढ़े हैं। मौसम में गर्मी बढ़ रही है। इसे देखते हुए संतुलित भोजन किया जाए। जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लिया जाए।