किरावली। कस्बे के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक प्राचीन कंस मेला बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ शुरू हो गया। इस दाैरान निकाली गई शोभायात्रा में शामिल एक दर्जन झांकियां और ‘राजस्थानी बम’ (बड़े नगाड़े) लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
मेले का शुभारंभ समाजसेवी भूप सिंह इंदौलिया ने फीता काटकर और डोले की विधि-विधान से आरती उतारकर किया। उन्होंने कहा कि मेले हमारे भाईचारे और समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं। इनमें हमारी प्राचीन संस्कृति का समावेश झलकता है, जिसे संजोए रखना हम सभी का दायित्व है। मेले में भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैंड-बाजे की मधुर धुन के साथ निकाली गई शोभायात्रा में लगभग एक दर्जन झांकियां शामिल रहीं, जिनमें मुख्य रूप से राम-सीता-लक्ष्मण, शिव तांडव, मां दुर्गा और महर्षि परशुराम के स्वरूप, महाराजा सूरजमल की झांकी और कंस का विशाल पुतला, राजस्थान के कुम्हेर से आए दो ‘बम’ (बड़े नगाड़े) मेले के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे, जिनकी थाप पर कलाकारों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा में ऊंट और घोड़ों ने लोगों को आकर्षित किया। इस अवसर पर अमरपाल सिंह मुखिया, गजेन्द्र पहलवान, मुकेश पहलवान, देवेंद्र पहलवान, जुगेंद्र पहलवान, रामनरेश इंदौलिया, पिंकी सरपंच, पिंकी मास्टर, डोरीलाल इंदौलिया, हरिसिंह सूबेदार, भूपेंद्र सिंह इंदौलिया, अजय सिंह एडवोकेट, पवन इंदौलिया, मौहर सिंह सरपंच, मनीष इंदौलिया, सुखवीर सिंह इंदौलिया, श्याम हरी शर्मा, गिरीश इंदौलिया उपस्थित रहे।
इंसेट
आज होगा विशाल कुश्ती दंगल
मेला संयोजक होलू पहलवान और अध्यक्ष नरेश इंदौलिया ने बताया शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे से मौनीबाबा मंदिर स्थित मिनी ग्रामीण स्टेडियम में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। इस दंगल में देश के नामी-गिरामी पहलवान अपनी कुश्ती कला का जौहर दिखाएंगे।