खंदौली। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर बिना टोल टैक्स दिए वाहनों को निकालने की कोशिश और मार्ग बाधित करने के आरोप में भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल गुट) के पदाधिकारियों व उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। खंदौली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई टोल प्रभारी तुलसीराम गुर्जर की तहरीर पर की है।
तहरीर के मुताबिक 15 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक यादव एवं युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ईशू रावत करीब 30–40 समर्थकों के साथ 8–10 वाहनों में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने आगरा से मथुरा जाने वाले मार्ग पर बिना टोल टैक्स दिए अपने और समर्थकों के वाहनों को निकालने की मांग की। आरोप है कि मना करने पर प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा की तीन लाइनों के बीच वाहन खड़े कर दिए। सड़क पर बैठकर मार्ग बाधित कर दिया। इससे टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के समझाने पर यह कहते हुए चले गए कि मांगें न मानी गईं तो दोबारा टोल प्लाजा पर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। थाना प्रभारी खंदौली ने बताया कि टोल प्रभारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।