कासगंज। ढोलना के बिलराम कस्बा में मंगलवार की रात पटाखा चलाने को लेकर दो समुदाय के बीच हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। बिलराम के मुख्य बाजार में मोहल्ला चौधरी निवासी डॉ. लालाराम का बेटा आयान, बेटी शीवा मंगलवार की रात करीब 8.50 बजे घर व दुकान के बाहर आतिशबाजी चला रहे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान उनके पड़ोसी अकील, अदनान, बबलू, अजमेरी, सोनू, पप्पी निवासी मुख्य बाजार बिलराम अपने-अपने हाथों में लाठी-डंडे व तमंचे और धारदार हथियार लेकर आए और पटाखे चलाने का विरोध करने लगे।
आरोपियों ने उन्हें, उनके बेटे आयान व बेटी शीबा के साथ मारपीट की। आरोपी उनके घर में घुस आए और उन्हें खींचकर बाहर ले जाने लगे। आरोप है कि अकील ने अपने अन्य साथियों व परिजनों के साथ मिलकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। चीख पुकार की आवाज सुनकर शेखर, अशोक, रोहित वर्मा व अन्य उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
दूसरे पक्ष से नाजिम की पत्नी सबनम निवासी मोहल्ला चौधरी मुख्य बाजार का आरोप है कि 21 अक्तूबर की रात 8:30 बजे मोहल्ले के लालाराम वर्मा, उसके पुत्र सौरव, गौरव, आयान, चुन्नू व कुछ अन्य लोग उनकी दुकान के सामने पटाखे चलाने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। सबनम ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्हें बचाने आए परिवार के सदस्य सोनू, रीना, अजहर हुसैन की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इससे उनके शरीर में चोटें आई हैं।
आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पुलिस ने एक पक्ष से अजमेरी, साेनू, नाजिम और जावेद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि पटाखा चलाने को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के 11 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 4 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है।